NEWS PR डेस्क: राजधानी पटना में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा के पास एनएच-139 पर एक कंटेनर ट्रक और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि ट्रक की टक्कर लगने के बाद ऑटो सड़क से करीब 20 फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
टक्कर के बाद पूरी तरह पिचक गया ऑटो
जानकारी के मुताबिक, हादसा जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा के पास हुआ। कंटेनर ट्रक और ऑटो के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में गिर गया। दुर्घटना में ऑटो पूरी तरह पिचक गया, जिससे उसमें सवार दोनों लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान, परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान करीब 18 वर्षीय सोनी कुमारी और लगभग 75 वर्षीय ऑटो चालक विजय सिंह के रूप में हुई है। सोनी कुमारी मसौढ़ा की रहने वाली थीं, जबकि ऑटो चालक विजय सिंह विक्रम थाना क्षेत्र के हथसार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें हादसे की भयावहता का पता चला।
सुबह 5 बजे ऑटो लेकर निकले थे चालक
ऑटो चालक के परिजनों के मुताबिक, विजय सिंह रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे ऑटो लेकर पटना के लिए निकले थे। परिवार को सुबह करीब 8 बजे फोन आया कि ऑटो का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि हादसे में चालक और एक महिला यात्री की मौत हो गई है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से निकाले शव
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। ऑटो सड़क से नीचे गड्ढे में गिरने और बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद क्रेन की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, दोनों को पटना एम्स ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की गई। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
पटना में तेज रफ्तार का कहर, कंटेनर ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर; दो की गई जान