NEWS PR डेस्क: पटना, 25 जून। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय डॉ. जगन्नाथ मिश्र की 89वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को पटना स्थित विद्यापति भवन में चेतना समिति के तत्वावधान में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के कई वरिष्ठ राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र व् सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने हिस्सा लिया और डॉ. जगन्नाथ मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बिहार के विकास में दिए गए योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्र ने अपने राजनीतिक जीवन में राज्य के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री एवं सिवान विधायक मंगल पांडेय, पूर्व मंत्री एवं बेनीपट्टी विधायक विनोद नारायण झा, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र के सार्वजनिक जीवन, उनके प्रशासनिक अनुभव और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी वक्ताओं ने उनके योगदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
