सुपौल: श्रद्धांजलि सभा के बाद भाकपा माले का प्रदर्शन, मॉब लिंचिंग से लेकर पेपर लीक तक उठाए कई मुद्दे

श्रद्धांजलि सभा के बाद जन मुद्दों को लेकर निकाला प्रतिरोध मार्च, सरकार से कई अहम मांगें उठीं

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:भाकपा माले ने बुधवार को सुपौल में अपने दिवंगत वरिष्ठ नेताओं कॉमरेड प्रेमसिंह गहलावत और कॉमरेड आर. एन. ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद विभिन्न जन मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकाला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मॉब लिंचिंग, बुलडोजर कार्रवाई, कथित फर्जी एनकाउंटर, पेपर लीक, एनटीए को समाप्त करने और जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में डिग्री कॉलेज की स्थापना सहित कई मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।

जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव जयनारायण यादव ने कहा कि दोनों नेता पार्टी की पहली पीढ़ी के समर्पित कार्यकर्ताओं में शामिल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित तबकों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से समाहरणालय तक प्रतिरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार में बढ़ती मॉब लिंचिंग, बुलडोजर कार्रवाई, कथित एनकाउंटर, पुलिस व्यवस्था, राज्य मार्गों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए कर, लगातार हो रहे पेपर लीक, एनटीए को समाप्त करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुरूप डिग्री कॉलेज स्थापित करने की मांग की।

समाहरणालय गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पिपरा विधानसभा से महागठबंधन समर्थित भाकपा माले प्रत्याशी अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार गरीबों और वंचितों के हितों की अनदेखी कर रही है। वहीं जिला कार्यालय सचिव अरविंद कुमार शर्मा ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई और एनटीए को समाप्त करने के साथ-साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
सभा को किसान महासभा, खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा, इनौस तथा भाकपा माले के कई नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।सुपौल से अल्ताफ राजा रिपोर्ट

Share This Article