पटना में हवलदार की संदिग्ध मौत, नाले से बरामद हुआ शव,पत्नी ने उठाए सवाल, साजिश की आशंका

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: राजधानी पटना में बुधवार को नाले से बिहार पुलिस के एक हवलदार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के लोदीपुर स्थित मंदिर के पास नाले से पुलिसकर्मी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथमदृष्टया पुलिस नाले में गिरने को मौत की वजह मान रही है, जबकि मृतक की पत्नी ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए साजिश की आशंका जताई है।
नाले से बरामद हुआ हवलदार का शव
मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बच्चा राव (45) के रूप में हुई है। वह पटना पुलिस लाइन में हवलदार के पद पर तैनात थे। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथमदृष्टया नाले में गिरने के कारण हवलदार की मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
रात में ड्यूटी के दौरान नाले में गिरने की आशंका
बताया जा रहा है कि बच्चा राव की ड्यूटी पटना के अलग-अलग चौक-चौराहों पर लगाई जाती थी। आशंका है कि रात के अंधेरे में लोदीपुर स्थित मंदिर के पास वह नाले में गिर गए। नाला गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई हालांकि, घटना को लेकर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। मृतक की पत्नी ने शव मिलने की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस जगह से शव मिला है, वहां किसी व्यक्ति का आसानी से प्रवेश करना संभव नहीं है।
1999 में पुलिस सेवा में आए थे बच्चा राव
मृतक की पत्नी के मुताबिक, बच्चा कुमार राव वर्ष 1999 में पुलिस सेवा में आए थे और वर्ष 2025 से पटना में तैनात थे। घटना से एक दिन पहले दिन में उनकी पति से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने किसी तरह की परेशानी या समस्या की जानकारी नहीं दी थी। फिलहाल पुलिस हादसा और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हवलदार की मौत नाले में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

Share This Article