NEWS PR डेस्क: पटना, 22 जुलाई। राजधानी पटना में आयोजित एक धरना-प्रदर्शन के बाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) जीवन कुमार पर कथित रूप से पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एमएलसी के घायल होने का दावा किया गया है। उन्होंने इस मामले में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों पर जानलेवा हमला करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
जीवन कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन समाप्त होने के बाद जब वे लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर ढेला-पत्थर फेंके। उनका आरोप है कि इसके बाद उनके सरकारी आवास का भी घेराव किया गया। उन्होंने कहा कि इस हमले में उन्हें चोटें आई हैं।
एमएलसी ने इस घटना को विपक्ष की “हताशा और बौखलाहट” का परिणाम बताते हुए कहा कि जब विरोधी दल वैचारिक और लोकतांत्रिक लड़ाई में सफल नहीं हो पाते, तो वे हिंसक तरीकों का सहारा लेने लगते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।

जीवन कुमार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, जिन विपक्षी दलों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से भी खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
