NEWS PR डेस्क: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन का सबसे अहम दौर है। 5 अक्टूबर को जेडीयू के चारों उम्मीदवारों के साथ कांग्रेस के पांच प्रत्याशी और कई अन्य दलों के उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की है, जहां जेडीयू के नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी के ही मोकामा विधायक अनंत सिंह खुलकर मोर्चा खोले हुए हैं।
नीरज कुमार के नामांकन पर नजर
पटना स्नातक सीट से एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार आज पर्चा दाखिल करेंगे। उनके सामने कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान, आरजेडी समर्थित दिलीप कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह मैदान में हैं।
इस सीट का मुकाबला इसलिए खास हो गया है क्योंकि अनंत सिंह जन सुराज उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। 1 अक्टूबर को अनंत सिंह अनुज सिंह के नामांकन में शामिल हुए थे और उनके समर्थन में रोड शो भी किया था। ऐसे में नीरज कुमार का नामांकन सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
अभिषेक झा भी भरेंगे पर्चा
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी अभिषेक झा भी सोमवार को नामांकन करेंगे। वह सुबह 11 बजे मुजफ्फरपुर में अपना पर्चा दाखिल करेंगे। पार्टी की ओर से उन्हें एनडीए समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस के मनोज कुमार जायसवाल और जन सुराज के डॉ. रजनीश रंजन आज नामांकन करेंगे। इस सीट से भाजपा के मौजूदा एमएलसी डॉ. एनके यादव और आरजेडी के नितेश कुमार यादव पहले ही पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
कांग्रेस के पांचों प्रत्याशी करेंगे नामांकन
कांग्रेस ने पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान, पटना शिक्षक सीट से संजय यादव, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक और दरभंगा शिक्षक सीट से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा आज नामांकन करेंगे।
दरभंगा शिक्षक सीट पर आरजेडी ने कुमर राय को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस के मदन मोहन झा और सीपीआई के रामदेव राय भी मैदान में हैं। वहीं, दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस के रजनीकांत पाठक के सामने आरजेडी के अनिल कुमार झा हैं।
23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक सीटों पर चुनाव होना है। स्नातक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं।
नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। फिलहाल पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच का विवाद चुनावी मुकाबले का सबसे बड़ा सियासी मुद्दा बना हुआ है।