NEWS PR डेस्क : बिहार में SIR को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटना में महागठबंधन के लोकभवन मार्च के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद तीखा हमला बोला। राज्यपाल से मुलाकात के बाद तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रहा है और लोकतंत्र के खिलाफ साजिश की जा रही है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘लोकतंत्र का हत्यारा’ और ‘महाचोर’ तक कह दिया।
पुलिस कार्रवाई पर भी भड़के तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के नेताओं को रोकने के लिए प्रदर्शन के दौरान पुलिस का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, “AK-47 वाले पुलिस वालों को लगाकर हमें रोकने की कोशिश की गई।” तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र के खिलाफ किसी भी कथित साजिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चाहे मुख्य चुनाव आयुक्त हों या प्रधानमंत्री, लोकतंत्र के खिलाफ कथित साजिश सफल नहीं होगी।
‘ज्ञानेश तो केवल नमूना हैं’
तेजस्वी यादव ने कहा कि ज्ञानेश कुमार उनके निशाने पर जरूर हैं, लेकिन “ज्ञानेश तो केवल नमूना हैं।” उन्होंने कहा कि उनका मुख्य राजनीतिक लक्ष्य नरेंद्र मोदी और अमित शाह को हटाना और भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। CEC से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी तेजस्वी ने सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पद से हटने के बाद भी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विशेष कानूनी सुरक्षा है।
राहुल गांधी से हुई बातचीत
तेजस्वी यादव ने बताया कि उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी प्रदर्शन किया जाएगा और महागठबंधन के नेता राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
तेजस्वी ने कहा कि मतदाताओं के खिलाफ कथित साजिश के मुद्दे पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन के नेता पुलिस कार्रवाई या जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं।
तेजस्वी यादव का ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला, बोले- ‘लोकतंत्र का हत्यारा’