जमीन कब्जे और दबदबे के लिए जुटे हथियारबंद लोग, पुलिस ने 5 कट्टा, 2 पिस्टल, रिवॉल्वर और 35 कारतूस समेत सात को दबोचा !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क :- शाहपुर थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जे और इलाके में दबदबा कायम करने के उद्देश्य से हथियारों के साथ जुटे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 देसी कट्टा, 2 देसी पिस्टल, 1 देसी रिवॉल्वर, 35 जिंदा कारतूस, 7 खोखा, 6 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।

इस पूरे मामले पर सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि शाहपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम मुबारकपुर स्थित कृषि फार्म के पास कुछ लोग हथियारों के साथ एकत्रित हुए हैं।

ये लोग जमीन पर कब्जे और अपने दबदबे को लेकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे।

सूचना के बाद एसडीपीओ दानापुर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुबारकपुर कृषि फार्म के पास छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया। उसके घर की तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया।

इसके बाद गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रदुम्न कुमार, मैनेजर राय, सन्नी कुमार, समीर खान, साहिल कुमार, रोहित कुमार और गोलू कुमार शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में मैनेजर राय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ शाहपुर थाना में पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस संबंध में शाहपुर थाना कांड संख्या 339/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट :-

Share This Article