पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां दुर्गापूजा व दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
बेतिया दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति एवं प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई।
डीएम ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल व दंडाधिकारी की तैनाती, फ्लैग मार्च और सघन गश्ती कराने का निर्देश दिया।
सोशल मीडिया पर अफवाह एवं आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। पूजा समितियों को लाइसेंस, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था एवं प्रशिक्षित वोलेंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विसर्जन के दौरान निर्धारित रूट, क्राउड मैनेजमेंट और गोताखोरों की तैनाती के साथ नाव परिचालन में सतर्कता बरतने को कहा गया। डीजे एवं अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;–