NEWS PR डेस्क: पटना, 30 जून 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में बताया कि 2 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो रेल परियोजना के विस्तार का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे राजधानीवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय करने, नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के विभिन्न स्थलों पर समानांतर रूप से कार्य तेज किए जाएं ताकि पूरी परियोजना समय पर पूरी हो सके।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं वैज्ञानिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो के संचालन से राजधानी में सुरक्षित, तेज, आधुनिक और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए।
बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुक्काट्टी सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
