NEWS PR डेस्क :नीतीश कुमार ने अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान पूर्णिया पहुंचकर माँ पूरण देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा में घोषित कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया। मुख्यमंत्री ने स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक बने नए दो लेन मार्ग और लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक होते हुए रजनी चौक तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही पूर्णिया जिले में भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज तक आरओबी सहित बाईपास सड़क निर्माण तथा एसएच-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण परियोजना का शिलान्यास भी किया गया। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मंदिर परिसर के पोखर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में लगे विभिन्न स्टॉल का भी अवलोकन किया। इनमें बिहार बाल भवन किलकारी द्वारा लगाए गए स्टॉल शामिल थे। साथ ही प्रगति यात्रा में घोषित योजनाओं की प्रस्तुति देखी और अधिकारियों से उनकी प्रगति के बारे में जानकारी ली। इनमें कारीकोशी नदी पर बांध सह सड़क निर्माण, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, रंगभूमि मैदान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (मल्टीपर्पस हॉल), धमदाहा से पूर्णिया एसएच-65 को फोर लेन बनाने की योजना, पूर्णिया एयरपोर्ट से सीधा संपर्क मार्ग, भूतहा बाईपास निर्माण और मिथिला हाट की तर्ज पर पर्यटन सुविधाओं के विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा जिले के कई प्रखंडों में नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मां पूरण देवी मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण का काम बेहतर ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और पशुपालकों से संवाद भी किया। पशुपालकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार की योजनाओं से किसानों और पशुपालकों को लाभ मिल रहा है तथा मक्का, मखाना और मछली के उत्पादन में भी बढ़ोतरी हुई है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है ताकि किसान और पशुपालक आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल भी देखे और कई लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इसमें बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की चाबी और 13082 जीविका स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन के तहत 261 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का सांकेतिक चेक दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्णिया जिले में लगभग 485 करोड़ रुपये की लागत से 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें करीब 164 करोड़ रुपये की 84 योजनाओं का उद्घाटन और 321 करोड़ रुपये की 8 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में सम्राट चौधरी, विजय कुमार चौधरी , लेशी सिंह, श्रवण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।