NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण में दहेज प्रथा का एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां महज 5 हजार रुपये के विवाद ने तिलक समारोह की खुशियों को हिंसा में बदल दिया। चौतरवा थाना क्षेत्र के मझौवा गांव में तिलक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर लड़की पक्ष के लोगों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना में लड़की के भाई का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। दोनों का इलाज बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के बंचहरी तेलिया टोला निवासी सुरेंद्र मिश्र ने अपनी पुत्री की शादी मझौवा गांव निवासी राजन पांडेय के पुत्र सचिन पांडेय से तय की थी। दोनों परिवारों के बीच तिलक में तीन लाख पांच हजार रुपये नकद और एक पल्सर बाइक देने पर सहमति बनी थी।
सोमवार की शाम लड़की पक्ष के लोग तिलक का सामान लेकर लड़के के घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान लड़के के पिता ने पांच हजार रुपये कम होने की बात कहकर तिलक का सामान उतरवाने से इंकार कर दिया। काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और तिलक की रस्म पूरी कराई गई।
बकाया राशि की मांग को लेकर मारपीट
हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि भोजन समाप्त होने के बाद लड़की पक्ष के पांच लोगों को घर में रोक लिया गया और बकाया राशि की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान लड़की के भाई मणिइंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूट गया। एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं।
जान लेने की भी कोशिश
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने मणिइंद्र कुमार को उठाकर पास के नाले में फेंक दिया और उनकी जान लेने की भी कोशिश की। हालांकि, स्थानीय लोगों के समय पर हस्तक्षेप से बड़ी अनहोनी टल गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कथित तौर पर बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पीड़ित सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि इलाज पूरा होने के बाद चौतरवा थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं, घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
