दिशा समिति की दो दिवसीय बैठक सम्पन्न, सरकारी जमीनों की बुकलेट तैयार करने का निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 22 मई। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में दरभंगा सांसद सह दिशा समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक का समापन हुआ। बैठक के अंतिम दिन विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी कौशल कुमार और उप विकास आयुक्त स्वप्निल कुमार ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की जानकारी दी।

बैठक में पंचायती राज, राजस्व, जल संसाधन, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पशुपालन, सहकारिता, पर्यटन, मत्स्य एवं अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दिशा समिति केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण निगरानी समिति है और इसके निर्णयों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

पंचायत सरकार भवनों में सभी सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने पंचायत सरकार भवनों में सभी विभागीय सेवाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डाकघर, रेल टिकट सेवा एवं अन्य जनसेवा सुविधाएं पंचायत भवनों से संचालित करने का प्रस्ताव रखा गया। डाक विभाग के समन्वय से पंचायत भवनों में लेटर बॉक्स लगाने और कर्मियों की सूची उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

सरकारी जमीनों की होगी बुकलेट तैयार

राजस्व विभाग की समीक्षा में जिले की सभी सरकारी जमीनों का प्रखंडवार बुकलेट तैयार करने का निर्देश दिया गया। दरभंगा टावर स्थित नेशनल स्कूल की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा उसकी मापी कराने को कहा गया। साथ ही हाई स्कूल, मिडिल स्कूल एवं अन्य सरकारी जमीनों को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाने और विद्यालयों में चाहरदीवारी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में गौशाला की 46 एकड़ जमीन का भौतिक सत्यापन कराने, 375 तालाबों को जीवंत करने तथा शहर के पुराने नौ जल निकासी चैनलों को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई कराने का निर्णय लिया गया।

आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने का निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि हर परिवार तक आयुष्मान कार्ड पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जाए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र महीनाम एवं हावीभौंआर को चालू कराने तथा रोगी कल्याण समिति की बैठकों की समीक्षा भी की गई।

सिंचाई और बिजली व्यवस्था पर जोर

बैठक में बिजली विभाग को कृषि फीडर विकसित करने तथा किरतपुर प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र में नए पावर स्टेशन की स्थापना की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिले के सभी नलकूपों को चालू करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के 374 नलकूपों में से 273 वर्तमान में चालू हैं।

जल संसाधन विभाग को बाढ़ पूर्व तैयारी बैठक आयोजित करने, बांधों की मरम्मत और मिट्टी कटाव रोकने के निर्देश दिए गए। नमामि गंगे परियोजना के तहत किए जा रहे और प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई।

सामाजिक सुरक्षा और सहकारिता योजनाओं की समीक्षा

बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्रखंडवार पेंशनधारियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिले के सभी राइस मिलों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में 10 राइस मिल संचालित हैं।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article