पटना यूनिवर्सिटी दीक्षांत समारोह में बवाल, राज्यपाल बिना भाषण दिए लौटे; जानें किसे मिला गोल्ड मेडल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह शनिवार को उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब डिग्री लेने पहुंचे छात्रों ने मंच पर बुलाकर उपाधि दिए जाने की मांग शुरू कर दी। छात्रों के हंगामे के बीच समारोह का माहौल बिगड़ गया और राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन अपना संबोधन किए बिना ही कार्यक्रम से चले गए। दीक्षांत समारोह का आयोजन पटना वीमेंस कॉलेज के मदर वेरोनिका ऑडिटोरियम में किया गया था। समारोह में मंच पर केवल गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और पीएचडी डिग्रीधारकों को ही उपाधि प्रदान की गई।

1305 विद्यार्थियों को मिली उपाधि
पटना यूनिवर्सिटी के इस दीक्षांत समारोह में कुल 1305 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इनमें 155 पीएचडी डिग्रीधारी विद्यार्थी शामिल रहे। वहीं, पीजी सत्र 2023-25 के विभिन्न विषयों के 38 टॉपर विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। गोल्ड मेडल पाने वालों में 28 छात्राएं और 10 छात्र शामिल हैं।
दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय की कुलपति रहीं विशिष्ट अतिथि
समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति सैय्यद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कुलपति प्रो. पूनम टंडन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। उन्होंने दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके शैक्षणिक सफर और भविष्य की जिम्मेदारियों पर बात रखी।
गोल्ड मेडलिस्ट और पीएचडी छात्रों को मंच से मिली उपाधि
समारोह की निर्धारित व्यवस्था के तहत मंच पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और पीएचडी डिग्रीधारकों को ही डिग्री प्रदान की गई। अन्य विद्यार्थियों को उपाधि वितरण की व्यवस्था अलग तरीके से की गई थी। हालांकि, मंच पर डिग्री दिए जाने की मांग को लेकर छात्रों के विरोध ने समारोह की तस्वीर बदल दी। हंगामे के कारण राज्यपाल का संबोधन नहीं हो सका और वे कार्यक्रम से वापस लौट गए।
इन्हें मिला गोल्ड मेडल
गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में निधि कुमारी (एमए हिंदी), प्रिया सिंह (एमए इंग्लिश), उपासना आर्या (एमए संस्कृत), खुशबू कुमारी (एमए मैथिली), हदीका खालिद (एमए अरबी), शीरिन तस्नीम (एमए उर्दू), अमरजीत कुमार (एमए फिलॉसफी), साक्षी (एमए एमजेएमसी), कुंदन कुमार (एमए म्यूजिक), रिया (एमए हिस्ट्री), साहिल आलम (एमए पॉलिटिकल साइंस), स्नेहा कुमारी (एमए होम साइंस), अभिषेक कुमार (एमए आईएच एंड आर्क), आकांक्षा कुमारी (एमए सोशियोलॉजी), ज्ञानेश्वरी कुमारी और अफशां निगार (एमए इकोनॉमिक्स), सुप्रिया राज (एमए साइकोलॉजी), प्रकाश चंद्रा (एमए जियोग्राफी), मिताली राज (एमए पीएम एंड आईआर), रागिनी (एमए रूरल स्टडीज), पलक प्रकाश (एमए सोशल वर्क), साक्षी (एमए वीमेंस स्टडीज), सुरुचि कुमारी (एमएससी फिजिक्स), तृप्ति आनंद (एमएससी केमिस्ट्री), आरती कुमारी (एमएससी जूलॉजी), शाकिब अरशद (एमएससी बॉटनी), वंदना कुमारी (एमएससी जियोलॉजी), निकिता कुमारी (एमएससी गणित), आसिया आर्या (एमएससी स्टैटिस्टिक्स), प्रिया कुमारी (एमएससी बायोकेमिस्ट्री), सृष्टि आर्या (एमएससी बायोटेक्नोलॉजी), शशि सुमन (एमएससी एनवायरनमेंटल साइंस), सुरभि कुमारी (एमसीए), प्रांजल कुमार (एमकॉम), साकेत कुमार (एमबीए), पल्लवी कुमारी (एमए इन लाइब्रेरी साइंस), कुमारी साक्षी (एलएलएम) और विशाल राज (एमएड) शामिल हैं।

Share This Article