एक साल में पुनर्जीवित होगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय, सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 18 जून। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य सरकार अगले एक वर्ष के भीतर ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय को पुनर्स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान, शिक्षा और प्रतिभा की भूमि रहा है तथा राज्य के गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास को पुनर्जीवित करना सरकार की प्राथमिकता है।

सम्राट चौधरी बुधवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। “देश में जहां भी जाएंगे, वहां आपको बिहारी प्रतिभा की छाप देखने को मिलेगी। टॉपर भी बिहारी हैं और मेहनत करने वाले भी बिहारी हैं।”

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना के बाद अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्जीवित करने का समय आ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार के शैक्षणिक गौरव को फिर से स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

हर प्रखंड में खुलेंगे मॉडल स्कूल

सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि जुलाई माह से राज्य के प्रत्येक प्रखंड में ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ के रूप में मॉडल स्कूल शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का सपना तभी पूरा होगा जब कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी इन सरकारी मॉडल स्कूलों में दाखिला लेने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में बिहार में लगभग 73 हजार स्कूल संचालित हैं और अब उनका फोकस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर है।

211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की तैयारी

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। साथ ही विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रों को 4 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अपराधियों को दी चेतावनी

अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी को डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देगा तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि छात्राएं और महिलाएं निर्भय होकर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, प्रभात खबर के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article