मधुबनी में ASI की फायरिंग से ग्रामीण की मौत, तीन घायल; बेटी की शादी से पहले उजड़ा परिवार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ गांव में पुलिसकर्मी की फायरिंग से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में ASI चंद्रमोहन सिंह पर गोली चलाने का आरोप है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अशोक यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी की शादी 14 दिसंबर को होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, बलिराजगढ़ गांव में एक घर में दो युवतियां सो रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस पिकेट में तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह गलत नीयत से घर में घुस गया। इसकी भनक लगने पर पड़ोस में रहने वाली फूलो देवी ने बाहर से दरवाजे की सिटकनी बंद कर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
खुद को ग्रामीणों से घिरा देखकर ASI ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अशोक यादव, धनिकलाल यादव, फूलो देवी और विजेंद्र यादव घायल हो गए। सभी को बाबूबरही सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मधुबनी के एसपी समेत वरीय अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीम बनाई गई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ASI पहले भी बेनीपट्टी में फायरिंग की एक घटना को लेकर निलंबित हो चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article