पश्चिम चंपारण: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को चनपटिया, साठी और कुमारबाग थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना संचालन, अभिलेखों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और आम नागरिकों को मिलने वाली पुलिस सेवाओं की गहन समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, हाजत, अपराध पंजी, आगंतुक पंजी, सीसीटीवी सिस्टम तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन रखने, सीसीटीवी व्यवस्था को हर समय सुचारु बनाए रखने और थाना परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ विनम्र, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
बेहतर कार्य संस्कृति, जवाबदेही और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य संस्कृति, जवाबदेही और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चनपटिया, साठी एवं कुमारबाग के थानाध्यक्ष सहित संबंधित थानों के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
