दरभंगा में विकसित होगी खूबसूरत टाउनशिप, हाउसिंग बोर्ड बनाएगा कॉलोनियां

Patna Desk
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


गुरुग्राम और नोएडा की तर्ज पर अब बिहार में भी आधुनिक कॉलोनियों का विकास किया जाएगा। नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा ने दरभंगा में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में दरभंगा के तीन स्थानों पर कॉलोनियों को विकसित किया जाएगा।

मंत्री ने लहेरियासराय स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निरीक्षण करते हुए कहा कि इन स्थानों पर स्कूल, खेल मैदान और अन्य सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित टाउनशिप बनाई जाएगी। यह टाउनशिप आम जनता के लिए होगी और इसे राज्य की सबसे सुंदर टाउनशिप के रूप में तैयार करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार और बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी इस परियोजना का निरीक्षण किया गया है। विकास कार्यों की शुरुआत उन जगहों से की जाएगी जो फिलहाल खाली हैं, ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

इस टाउनशिप में कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, स्कूल, पार्क जैसी आवश्यक सुविधाएं भी शामिल होंगी। मंत्री ने भरोसा जताया कि अधिकारियों की मेहनत से एक अत्याधुनिक और सुंदर कॉलोनी का निर्माण संभव होगा।

दरभंगा को ही क्यों चुना गया?

मंत्री मिश्रा ने बताया कि दरभंगा में एम्स, एयरपोर्ट, तारामंडल और आईटी पार्क जैसे महत्वपूर्ण संस्थान पहले से मौजूद हैं। ऐसे में यह क्षेत्र एक आधुनिक टाउनशिप और भविष्य में एक सेटेलाइट सिटी के लिए उपयुक्त है। अभी स्थानों का चयन कर लिया गया है और रोडमैप तैयार किया जा रहा है।


- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article