बिहटा में दर्दनाक सड़क हादसा:ऑटो-ट्रक की टक्कर में 6 की मौत

Amit Singh

NEWS पर डेस्क: पटना के बिहटा इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार भारी ट्रक और यात्री ऑटो की आमने–सामने की टक्कर में ऑटो सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो मनेर उर्स मेला देखकर घर लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत–बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

नो-एंट्री रोड बना मौत का रास्ता

यह पहली बार नहीं है जब बिहटा थाना क्षेत्र की नो-एंट्री रोड पर इस तरह की घटना सामने आई हो। शनिवार को भी इसी इलाके में बालू लदे एक हाइवा ट्रक ने पहले बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भागने के दौरान उसी ट्रक ने दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा की गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। गनीमत रही कि DSP और उनके बॉडीगार्ड इस हादसे में सुरक्षित बच गए, हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने बालू लदे ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, क्षेत्र के लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

Share This Article