NEWS PR डेस्क: भारत की जनगणना 2027 को लेकर दरभंगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जनगणना 2027 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो चरणों में संपन्न होगी।
डीएम ने कहा कि भारतीय जनगणना विश्व की सर्वश्रेष्ठ जनगणनाओं में गिनी जाती है। वर्ष 1872 से शुरू हुई इस परंपरा के तहत 2027 की जनगणना 16वीं और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी। कोविड-19 के कारण 2021 में प्रस्तावित जनगणना को स्थगित कर दिया गया था, जिसे अब नए सिरे से आयोजित किया जा रहा है।
पहला चरण: मकान सूचीकरण (2 मई-31 मई 2026)
जनगणना का पहला चरण मकान सूचीकरण का होगा, जो 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल मोड में होगी और मोबाइल ऐप व सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से डाटा संग्रह किया जाएगा।
स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है। 17 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच नागरिक स्वयं मोबाइल ऐप के जरिए 33 निर्धारित प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।
दूसरा चरण: वास्तविक जनगणना (2 फरवरी-28 फरवरी 2027)
दूसरे चरण में वास्तविक जनगणना होगी, जो 2 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 की रात 12 बजे तक चलेगी। इस दौरान जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े संकलित किए जाएंगे।
जिले में व्यापक तैयारी
डीएम ने बताया कि जिला स्तर पर जिला जनगणना समन्वय समिति (DLCC) का गठन किया गया है। जनगणना कार्यों के संचालन के लिए जिला जनगणना कोषांग भी बनाया गया है। दरभंगा में कुल 29 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 18 ग्रामीण प्रखंड और 11 शहरी निकाय शामिल हैं।
जनगणना कार्य के लिए लगभग 8,134 गणना ब्लॉक (EB) बनाए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक के लिए एक प्रगणक नियुक्त होगा। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रगणकों को सुरक्षित रखा जाएगा। हर छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा, जिसके तहत लगभग 1,333 पर्यवेक्षकों की तैनाती होगी।
प्रशिक्षण और विशेष क्षेत्र
जनगणना के सफल संचालन हेतु 4 मास्टर ट्रेनर और 169 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं। स्पेशल और प्रतिबंधित क्षेत्रों को भी जनगणना प्रक्रिया में शामिल किया गया है। सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे समय पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सूची जिला कोषांग को उपलब्ध कराएं।
डीएम ने कहा कि राज्य स्तर पर प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके बाद जिला और चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने अपील की है कि जनगणना को सफल बनाने में आम नागरिक भी सक्रिय सहयोग दें।