NEWS PR डेस्क: पटना: राजधानी के राजा बाजार स्थित परिसर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का होली मिलन समारोह उत्साह और उल्लास के बीच आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना कर दिया। अध्यक्ष बनने के बाद होली के मौके पर उनका यह पहला पटना दौरा था, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
दिल्ली से पटना पहुंचने पर हवाईअड्डे पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद राजा बाजार में आयोजित समारोह में फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रवि शंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। ‘होली खेले रघुबीरा’ जैसे गीतों पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। होली के गीतों पर खुद नितिन नवीन भी थिरकते नजर आए। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने जब उनसे कहा कि फोटो खिंचवाए बिना जाने नहीं देंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हम यहीं से खींच देंगे।” इस पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत से संगठन लगातार आगे बढ़ता है। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने सभी को त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए होली को प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।