NEWS PR डेस्क: देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल और उपराज्यपाल के पदों पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और इसके साथ ही कई नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है।
नए आदेश के तहत बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है।
इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी राज्यपालों की अदला-बदली की गई है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को अब तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल बनाया गया है। वहीं केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
केंद्र शासित प्रदेशों में भी बदलाव किए गए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व भारतीय राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।