7 दिन बाद खुले पटना जू के गेट, बर्ड फ्लू की आशंका खत्म होने के बाद दर्शकों की एंट्री शुरू

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बर्ड फ्लू की आशंका के कारण एहतियातन बंद किया गया संजय गांधी जैविक उद्यान अब एक बार फिर दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। 7 मार्च तक बंद रहे जू को जानवरों और पक्षियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दोबारा खोलने का फैसला लिया गया।

जू प्रशासन के अनुसार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पक्षियों और जानवरों की विशेष जांच कराई गई थी। जांच में एवियन इन्फ्लुएंजा का कोई मामला सामने नहीं आया। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रबंधन ने राहत की सांस ली और दर्शकों के लिए जू के गेट खोल दिए।

हालांकि संक्रमण से बचाव के लिए जू प्रबंधन ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। निर्देशों के मुताबिक दर्शकों को जानवरों और पक्षियों को कम से कम 10 मीटर की दूरी से ही देखना होगा। साथ ही जू परिसर में साफ-सफाई और सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

इसके अलावा जानवरों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रबंधन ने यह व्यवस्था की है कि एक कर्मचारी केवल एक ही जानवर या पक्षी की देखभाल करेगा, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।

जू प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और जू में अनुशासन बनाए रखें, ताकि जानवरों और पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article