जश्न पड़ा भारी: गर्लफ्रेंड संग अश्लील हरकत के आरोप में हार्दिक पंड्या के खिलाफ शिकायत

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक विवाद में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा अपने शरीर पर लपेटकर अपनी गर्लफ्रेंड महिका शर्मा के साथ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक हरकतें कीं। यह घटना नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान हुई बताई जा रही है।

टीम इंडिया की जीत के बाद स्टेडियम में जश्न का माहौल था। खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य भी मैदान पर पहुंच गए थे और सभी खुशी मनाते नजर आए। इसी दौरान सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें हार्दिक पंड्या और उनकी गर्लफ्रेंड महिका शर्मा मैदान पर रोमांटिक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उस वक्त हार्दिक की पीठ पर तिरंगा भी बंधा हुआ था।

इसी मामले को लेकर पुणे के वकील वाजिद खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज का इस तरह उपयोग करना उसकी गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि वर्ल्ड कप जीत के जश्न में हार्दिक पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ नाच रहे थे और उनकी पीठ पर तिरंगा बंधा हुआ था। उनके मुताबिक, यह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा मामला है।

वाजिद खान ने बताया कि उन्होंने पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। पुलिस ने शुरुआत में कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, लेकिन शिकायतकर्ता का कहना था कि तिरंगा पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए यहां भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी प्रति भी दे दी।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी काफी बहस छिड़ गई है। कई लोग हार्दिक पंड्या की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे जश्न के दौरान की गई सामान्य हरकत बता रहे हैं।

व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो हार्दिक पंड्या पहले सर्बियाई मॉडल और अभिनेत्री Natasa Stankovic से शादी कर चुके हैं। इस शादी से उनका एक बेटा अगस्त्य भी है। हालांकि दोनों अब अलग हो चुके हैं और इसके बाद उनकी जिंदगी में मॉडल महिका शर्मा की एंट्री हुई है। वहीं उनके बड़े भाई Krunal Pandya भी भारतीय क्रिकेटर हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि महिका के कारण दोनों भाइयों के रिश्तों में खटास आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share This Article