NEWS PR डेस्क: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक मामले में नया मोड़ आ गया है। हालिया सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने अदालत में साफ शब्दों में कहा कि अब उनके लिए साथ रहना संभव नहीं है और वे तलाक चाहते हैं।
सुनवाई के दौरान पवन सिंह ने जस्टिस आशुतोष कुमार के सामने अपना पक्ष रखते हुए यह भी कहा कि वह इस मामले को आपसी सहमति से खत्म करने के लिए ‘वन टाइम सेटलमेंट’ के लिए तैयार हैं।
अदालत ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी और इसके लिए उन्हें आमने-सामने पेश होने को कहा गया था। पवन सिंह तय समय पर कोर्ट पहुंचे, लेकिन ज्योति सिंह किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकीं। उनके वकील के मुताबिक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी बातचीत कराने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया, जिससे सुलह की प्रक्रिया अधूरी रह गई।
सुनवाई से पहले पवन सिंह ने महौली गांव स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर कोर्ट पहुंचे। हालांकि, सुनवाई के बाद उनके चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। कानूनी जानकारों का मानना है कि दोनों के बीच बढ़ती दूरी के कारण यह मामला अभी लंबा चल सकता है।
इधर, सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ज्योति सिंह हाल ही में छठ पूजा का वीडियो साझा करती नजर आईं, जिसमें वह पारंपरिक अंदाज में पूजा करती दिखीं। इससे लोगों के बीच कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह कोर्ट में भावुक हो गई थीं और उन्होंने न्याय की मांग की थी। अब इस मामले की अगली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।