NEWS PR डेस्क: बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरभंगा में प्रस्तावित AIIMS निर्माण परियोजना को अब नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद इसकी कुल अनुमानित लागत बढ़कर 2006.07 करोड़ रुपये हो गई है।
इस फैसले के बाद बिहार में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने इस मंजूरी पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मंगल पांडे ने कहा कि संशोधित लागत को मंजूरी मिलने से अब निर्माण कार्य में तेजी आएगी और यह बहुप्रतीक्षित परियोजना जल्द जमीन पर आकार लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का स्वास्थ्य ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है और दरभंगा AIIMS उसी दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले ही केंद्र सरकार द्वारा AIIMS निर्माण की स्वीकृति बिहार के लोगों के लिए बड़ी सौगात थी, और अब अतिरिक्त बजट की मंजूरी मिलने से इस परियोजना को और गति मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, यह AIIMS दरभंगा के शोभन बाईपास के पास बनाया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद उत्तर-पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम करनी पड़ेगी।
सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से ही नहीं, बल्कि यह परियोजना रोजगार और क्षेत्रीय विकास के लिए भी अहम मानी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दरभंगा AIIMS न केवल चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा बदलाव लाएगा, बल्कि यह बिहार की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने इस परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार के प्रति प्रतिबद्धता और विकसित बिहार के विजन का प्रतीक बताया।