NEWS PR डेस्क: आरा, 04 अप्रैल। बिहार के आरा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने हाल ही में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का तेजी से खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई भोजपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में की गई।
दरअसल, बीती 1 अप्रैल की रात चौधरीयाना इलाके में डॉक्टर अनिल की गली के पास मो० अफरोज नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल अफरोज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह घूरा मोहल्ला तरी का रहने वाला था।
घटना के बाद मृतक के भाई मो० समी अहमद के बयान पर आरा नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और छापेमारी अभियान चलाया।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो नामजद आरोपियों शिवम कुमार (19) और सत्यम कुमार (22) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक देसी पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में एक और आरोपी सरोज कुमार शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी।