बिहार की सियासत में हलचल, सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज

8 अप्रैल (बुधवार) को मौजूदा कैबिनेट की आखिरी बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। खास तौर पर, 2030 तक राज्य के विकास के लिए नीतीश कुमार के विजन को आगे बढ़ाने से जुड़े फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 07 अप्रैल। बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही नए मोड़ पर पहुंचने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में नई NDA सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल (बुधवार) को मौजूदा कैबिनेट की आखिरी बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। खास तौर पर, 2030 तक राज्य के विकास के लिए नीतीश कुमार के विजन को आगे बढ़ाने से जुड़े फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान घोषित योजनाओं को लागू करने पर भी सहमति बन सकती है।

सूत्रों के अनुसार, 9 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं, जहां 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद 11 अप्रैल को उनके पटना लौटने की संभावना है।

राजनीतिक घटनाक्रम यहीं नहीं रुकता। खबर है कि 12 या 13 अप्रैल को NDA विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें सभी विधायकों की उपस्थिति अनिवार्य बताई जा रही है। इसी बैठक में नीतीश कुमार अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।

उनके इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। NDA विधायक दल नए नेता का चयन करेगा और फिर राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह के साथ बिहार में नई सरकार अस्तित्व में आएगी।

Share This Article