पटना: BPSC परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, अभ्यर्थी और बायोमैट्रिक कर्मी गिरफ्तार

Crackdown on cheating: BPSC exam rigging exposed

Amit Singh

पटना में आयोजित BPSC परीक्षा के दौरान नकल का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने एक अभ्यर्थी को नकल करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि उसकी निशानदेही पर बायोमैट्रिक सत्यापन में शामिल एक महिला कर्मी को भी हिरासत में लिया गया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए नकल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से कई पर्चियां (चिट) बरामद हुईं, जिनका इस्तेमाल वह परीक्षा में नकल के लिए कर रहा था।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी नकल से जुड़ी गतिविधियां सामने आई
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन में तैनात एक महिला कर्मी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी कर अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचा रही थी।सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी नकल से जुड़ी गतिविधियां सामने आई हैं, जिससे पुलिस को मामले की पुष्टि करने में मदद मिली। सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि कृष्णापुरी थाने में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब इस मामले को संगठित नकल गिरोह से जोड़कर देख रही है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

Share This Article