गया में 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला गिरोह बेनकाब, 3 आरोपी गिरफ्तार

Police arrested a gang demanding Rs 5 crore in extortion money

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया -जिले में रंगदारी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने रामपुर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह मामला 15 अप्रैल 2026 का है, जब एक व्यक्ति ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसके मोबाइल पर कॉल कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
विशेष टीम का गठन
इस संबंध में रामपुर थाना में कांड संख्या-221/28 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व डीएसपी नगर-02 ने किया, जिसमें रामपुर एवं इमामगंज थाना की पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि इसी मोबाइल नंबर से इमामगंज में एक ज्वेलर्स से 20 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई थी। इस संबंध में इमामगंज थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले शेरघाटी थाना क्षेत्र के अनतबिगहा सिताबकला निवासी सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मोबाइल और सिम कार्ड विकास कुमार को देने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच
इसके बाद पुलिस ने गुलजार बिगहा में छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया और उसके पास से सिम कार्ड बरामद किया। पूछताछ में उसने मोबाइल संजीत कुमार को देने की जानकारी दी। अंततः पुलिस ने इमामगंज बाजार स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
(रिपोर्ट: आशिष कुमार, गया)

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article