भागलपुर में अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस की धूम: बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से जीता दिल

भागलपुर में नृत्य दिवस पर बच्चों ने बिखेरे कला के रंग

Rashmi Tiwari

बिहार के भागलपुर में अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के अवसर पर आरटी फॉर्म डांस स्टूडियो में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूरा परिसर कला, संस्कृति और उत्साह के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद स्टूडियो में केक काटकर इस खास दिन को सेलिब्रेट किया गया और उपस्थित लोगों के बीच मिठाई बांटी गई। बच्चों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।
इस आयोजन में प्रसिद्ध कथक गुरु निभाष मोदी, स्टूडियो की संचालिका अन्वेशा चटर्जी, प्रशिक्षक अमर और अंजलि सहित कई कलाकारों और दर्जनों बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कथक गुरु निभाष मोदी ने इस अवसर पर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस हमें अपनी कला और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नृत्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल से दूरी बनाकर नृत्य जैसी कला से जुड़ना बेहद जरूरी है। इससे न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है और पढ़ाई में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के अंत में संचालिका अन्वेशा चटर्जी, प्रशिक्षक अमर-अंजलि और कथक गुरु निभाष मोदी ने संयुक्त रूप से केक काटा। समापन “हम होंगे कामयाब” गीत के साथ किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना। इस मौके पर कुमार नितेश, काव्या, खुशी, राम्या, अव्या, प्रिशा, जैवी, माहम, मायशा, जाह्नवी सहित कई बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article