बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। औरंगाबाद में कांग्रेस नेताओं ने हालिया आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने कहा कि “भाजपा का मुख्यमंत्री बनते ही बिहार में ‘महा जंगलराज’ स्थापित हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
उन्होंने सीवान और भागलपुर में हुई हालिया गोलीबारी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उनके अनुसार, सरकार अपराध नियंत्रण में गंभीर नहीं दिख रही। आनंद शंकर सिंह ने कहा कि भाजपा ने जनता से “मंगलराज” का वादा किया था, लेकिन वर्तमान हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर यहां भी एनकाउंटर आधारित कार्यशैली लागू करना चाहती है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण बिल को विपक्ष के समर्थन से पारित किया गया था, लेकिन अब केंद्र सरकार इसके क्रियान्वयन को लेकर स्पष्ट नहीं है और गरीब महिलाओं के हित प्रभावित हो सकते हैं।
औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट
औरंगाबाद में कांग्रेस का हमला: ‘बिहार में महा जंगलराज’, सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस का आरोप—बिहार में ‘महा जंगलराज’