बुद्ध पूर्णिमा पर पटना में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 01 मई। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी पटना के बुद्ध स्मृति पार्क में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सम्राट चौधरी ने भाग लेकर भगवान बुद्ध की विधिवत पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध भंते द्वारा मुख्यमंत्री को भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया का बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष तथा श्रीलंका के अनुराधापुरम से लाए गए पवित्र बोधि वृक्ष की पूजा कराई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की, परिक्रमा की और ध्यान किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर विश्व शांति, भाईचारे और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने राज्य एवं देश की सुख-समृद्धि और अमन-चैन की कामना भी की।

कार्यक्रम में विजय कुमार चौधरी, रामकृपाल यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, बौद्ध भिक्षु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का माहौल श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा, जहां लोगों ने भगवान बुद्ध के उपदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Share This Article