औरंगाबाद: दस्तावेज लिपिक संघ के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने संभाली जिम्मेदारी

जनता हित और पारदर्शिता के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी गठित

Rashmi Tiwari

औरंगाबाद:जिला मुख्यालय स्थित कर्पूरी विचार मंच सभागार में शनिवार को औरंगाबाद दस्तावेज लिपिक संघ की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचित पदाधिकारियों ने गोपनीयता की शपथ लेते हुए संगठन के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष पद पर रामकरण सिंह, सचिव पद पर जितेंद्र कुमार यादव तथा कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार ओझा ने विधिवत रूप से शपथ ग्रहण किया।
संगठन के उद्देश्य और अध्यक्ष का बयान
नव-निर्वाचित अध्यक्ष रामकरण सिंह ने कहा कि यह संगठन आम जनता के हित में कार्य करता है। उन्होंने बताया कि संघ का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार द्वारा निर्धारित जमीन रजिस्ट्री मूल्य के अनुसार ही कार्य हो। यदि कोई भी व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलता है तो संगठन उसका विरोध करेगा।उन्होंने यह भी घोषणा की कि पहले संगठन के किसी सदस्य के साथ दुर्घटना होने पर एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, जिसे अब बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दिया गया है, ताकि प्रभावित परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।
40 वर्षों के अनुभव का मिला सम्मान
अध्यक्ष रामकरण सिंह ने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से कोर्ट में लिपिक पद पर कार्यरत हैं और आज तक किसी प्रकार का विरोध नहीं झेला है। उन्होंने कहा कि इसी विश्वास के कारण उन्हें दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया है और वे मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। इस मौके पर जनार्दन प्रसाद, रामाशीष शर्मा, मृत्युंजय कुमार सिंह, मिथलेश शर्मा, नरेंद्र कुमार, नारायण सतेन्द्र सिंह, बृजमोहन सिंह, रामाश्रय तिवारी, ब्रिसेन सिंह, दीनानाथ विश्वकर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट

Share This Article