बाढ़ और सुखाड़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 19 जुलाई। जिले में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की स्थिति और बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को तटबंधों की लगातार निगरानी करने तथा कटाव या क्षति की सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही वर्षा के दौरान रेनकट वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

डीएम ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत पॉलीथिन शीट संबंधित अंचलों में भेज दी गई हैं। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को शीघ्र सत्यापन कर सुरक्षित भंडारण और जरूरत पड़ने पर तत्काल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, गौड़ाबौराम, किरतपुर और घनश्यामपुर अंचलों में 1500 से 2000 पॉलीथिन शीट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि निजी नाव मालिकों के साथ एकरारनामा किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता बनाए रखने, नाविकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नावों पर क्षमता से अधिक यात्रियों को किसी भी परिस्थिति में नहीं बैठाया जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 13 बाढ़ आश्रय स्थल चिन्हित किए गए हैं। डीएम ने सभी राहत केंद्रों, सामुदायिक भवनों और आश्रय स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर पेयजल, शौचालय, बिजली, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में पशु चारा की उपलब्धता, जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण तथा आपदा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान राशि के समयबद्ध भुगतान सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह प्रभारी आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग के अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article