इस्तीफा नहीं देंगी ममता बनर्जी, बोलीं—“मैं हारी नहीं हूं”

हार नहीं मानी”—ममता बनर्जी का सख्त रुख, बंगाल में सियासत गरम

Rashmi Tiwari

पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणामों के बाद सियासी घमासान अपने चरम पर पहुंच गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगी और चुनाव नतीजों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा, “मैं हारी नहीं हूं, इसलिए इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। मैं राजभवन नहीं जाऊंगी। हमें हराने की कोशिश की गई है। ” उन्होंने दावा किया कि उन्हें हराने की कोशिश की गई और चुनाव परिणाम पूरी तरह निष्पक्ष नहीं रहे।

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग के बीच साठगांठ के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा, “भाजपा हमें आधिकारिक तौर पर हरा सकती है, लेकिन नैतिक जीत हमारी ही है।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटरों पर कब्जा किया गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने कहा- मेरे पेट और पीठ पर लात मारी। धक्का देकर बाहर निकाला। ममता ने दावा किया कि “SIR के बहाने लगभग 100 सीटों पर प्रभाव डाला गया।”
पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित
गौरतलब है कि सोमवार को पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित हुए हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने पहली बार 294 में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिससे राज्य में उसकी सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा, जिसके साथ ही करीब 15 साल बाद ममता बनर्जी की सत्ता हाथ से चली गई। बता दें कि इन बयानों के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है, और आने वाले दिनों में सियासी तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article