TRE-4 नोटिफिकेशन की मांग तेज, हजारों अभ्यर्थी आज घेरेंगे BPSC कार्यालय

हजारों अभ्यर्थियों की मांग — जल्द जारी हो TRE-4 नोटिफिकेशन

Rashmi Tiwari

बिहार में नई सरकार के गठन और मंत्रियों के विभाग बंटवारे के बीच अब शिक्षक भर्ती को लेकर सियासत और छात्र आंदोलन तेज हो गया है। गुरुवार को बिहार सरकार के 32 मंत्रियों ने शपथ ली, जिसके बाद बीजेपी कोटे से मंत्री मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी बीच आज पटना में BPSC TRE-4 भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है।


पटना में आज निकलेगा अभ्यर्थियों का मार्च
छात्र नेता दिलीप ने TRE-4 विज्ञापन में हो रही देरी के खिलाफ महाआंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे पटना कॉलेज परिसर से होगी, जहां हजारों अभ्यर्थियों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। अभ्यर्थियों का मार्च पटना कॉलेज से निकलकर अशोक राजपथ, बिखना पहाड़ी, मछुआ टोली, खेतान मार्केट, बाकरगंज और गांधी मैदान होते हुए बीपीएससी कार्यालय तक जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।


TRE-4 विज्ञापन में देरी से छात्रों में नाराजगी
TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि BPSC परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में कहा था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन से चार दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा और 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी लेकिन अब मई का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है।उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से शिक्षा विभाग और BPSC लाखों युवाओं को सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, जबकि भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है।
नए शिक्षा मंत्री के सामने पहली बड़ी परीक्षा
बता दें कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले नए मंत्री मिथिलेश तिवारी के सामने TRE-4 भर्ती अब पहली बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य के करीब 13 लाख छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं और सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए। जानकारी के लिए बता दें कि TRE-4 भर्ती अभियान के तहत कुल 46,595 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग को फरवरी महीने में ही अधियाचना मिल चुकी थी, हालांकि बाद में शिक्षा विभाग ने इसे वापस लेकर वार्षिक कैलेंडर में शामिल कर लिया।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
संभावित कार्यक्रम के मुताबिक TRE-4 परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जा सकती है, जबकि परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अभी तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों की चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही हैं। TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में इस बार पहली बार डोमिसाइल नीति लागू किए जाने की तैयारी है।

Share This Article