TRE-4 विवाद के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दिया भरोसा, बोले- एक सप्ताह में दिखेगा बदलाव

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 08 मई। बिहार में शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बीच नए शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की कोई भी बहाली अब लंबित नहीं रहेगी और जल्द ही सभी अटके मामलों का समाधान किया जाएगा।

पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि विभाग में जो भी “उलझे तार” हैं, उन्हें सुलझाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया सहित किसी भी नियुक्ति को रोका नहीं जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने विभागीय कार्यशैली में बदलाव के संकेत देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में जल्द ही “सिंगल विंडो सिस्टम” लागू किया जाएगा। उनका कहना था कि आम लोगों और शिक्षकों को छोटे-छोटे कामों के लिए कई दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिसे खत्म करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वह खुद शिक्षक रह चुके हैं और जमीनी स्तर की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। विभाग में फाइलों के लंबित रहने और अनावश्यक देरी की समस्या को खत्म करने के लिए प्रशासनिक सुधार किए जाएंगे।

“नीचे से आया हूं, व्यवस्था की दिक्कतें जानता हूं”

मंत्री ने कहा कि वह जमीनी स्तर से राजनीति और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े रहे हैं, इसलिए विभाग की कार्यप्रणाली और लोगों की परेशानियों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मंत्री के निर्देश के बावजूद लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है, जिसे अब बदलने की जरूरत है।

एक सप्ताह में साझा करेंगे विजन

Mithilesh Tiwari ने कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर शिक्षा विभाग के लिए अपना विजन सार्वजनिक करेंगे। इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और छात्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Nitish Kumar के नेतृत्व में बिहार ने “चरवाहा विद्यालय से लेकर आईआईएम तक” का सफर तय किया है और अब शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

पूर्व शिक्षा मंत्री के काम की सराहना

इस दौरान उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री Sunil Kumar के कार्यों की भी सराहना की। मंत्री ने कहा कि उन्होंने सदन में लगातार शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों को उठाया और कई अहम पहल कीं।

गौरतलब है कि TRE-4 विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर राजधानी पटना में शुक्रवार को शिक्षक अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई थी।

Share This Article