NEWS PR डेस्क: आरा, 12 मई। भोजपुर-बक्सर विधान परिषद (एमएलसी) उपचुनाव के दौरान मंगलवार को आरा सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर भारी हंगामा देखने को मिला। महागठबंधन समर्थकों और प्रशासन के बीच हुई तीखी नोकझोंक से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल और अधिकारियों की सक्रियता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार राजद समर्थित महागठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय के समर्थकों ने मतदान केंद्र के समीप पार्टी कार्यालय संचालित होने और प्रशासनिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। समर्थकों का आरोप था कि दंडाधिकारी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। इसी बात को लेकर प्रशासन और राजद समर्थकों के बीच बहस तेज हो गई।

हंगामे के बावजूद मतदान प्रक्रिया जारी रही। भोजपुर और बक्सर जिले के कुल 25 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इस चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि और वार्ड पार्षद मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ देखी गई। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी संवेदनशील केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

भोजपुर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चुनावी धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और राजद समर्थित महागठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। अब सभी की नजर मतदान प्रतिशत और आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है।