“रील्स-पॉलिटिक्स और हेडलाइन मैनेजमेंट में लगी है सरकार”, तेजस्वी यादव

महंगाई को लेकर सरकार पर विपक्ष का हमला

Rashmi Tiwari

बिहार की राजनीति में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर नजर आ रहे हैं। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब पांच रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं, जिससे महंगाई का बोझ और बढ़ेगा।
ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी
राजद नेता ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद सरकार जनता को राहत देने के बजाय निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर साफ दिखाई देगा।
सबसे ज्यादा असर गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा
तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जोड़ते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में निजी क्षेत्र की नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं और छोटे उद्योगों पर भी संकट गहरा सकता है।

केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक और भावनात्मक विषयों को उछाला जा रहा है। उन्होंने अपने बयान में ‘हिंदू-मुस्लिम’, ‘मंदिर-मस्जिद’, ‘हेडलाइन मैनेजमेंट’ और ‘रील्स-पॉलिटिक्स’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए भाजपा की राजनीतिक रणनीति पर निशाना साधा। अपने बयान के अंत में तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा, “नफ़रत का कारोबार, भाषणबाजी, रील्स और एंटरटेनमेंट के लिए जिसे चुना था, वो फुल एंटरटेनमेंट मिलता रहेगा।”

Share This Article