किशनगंज में अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,कई ट्रैक्टर जब्त

Rashmi Tiwari

किशनगंज जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बेलवा क्षेत्र के टेंगरमारी इलाके में ढोक नदी किनारे चल रहे अवैध बालू और मिट्टी खनन पर प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर कई वाहनों को जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान एसडीएम अनिकेत कुमार और एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में चलाया गया। छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने नदी किनारे अवैध रूप से बालू उठाव कर रहे ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों को मौके पर पकड़ लिया। हालांकि कई चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहे।
मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है
जब्त किए गए वाहनों को संबंधित थाने भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मौके पर मौजूद लोगों को अधिकारियों ने कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि बिना वैध अनुमति के बालू या मिट्टी का खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध खनन से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान
प्रशासन ने बताया कि अवैध खनन से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान होता है, वहीं पर्यावरण और नदी तटों को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक टेंगरमारी और बेलवा क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध खनन का कारोबार चल रहा था, जिससे ग्रामीण सड़कें भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थीं।

एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीपीओ खुसरू सिराज ने कहा कि खनन माफियाओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
किशनगंज से मसरूर रईस की रिपोर्ट

Share This Article