NEWS PR डेस्क: पटना, 10 जून। बिहार राज्य भंडार निगम (BSWC) में चयनित 17 अभ्यर्थियों को बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के मंत्री Ram Kripal Yadav ने निगम मुख्यालय में आयोजित समारोह में अपने कर-कमलों से नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
बिहार राज्य भंडार निगम, केंद्रीय और राज्य सरकार का संयुक्त लोक उपक्रम है, जो राज्य में खाद्यान्न, उर्वरक, दवाओं एवं अन्य अधिसूचित वस्तुओं के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण का कार्य करता है। निगम के विभिन्न भंडारगृहों में मानव संसाधन की कमी को देखते हुए पी.सी.डी.ओ. (Peon-cum-Dusting Operator) के 17 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
निगम की निदेशक परिषद की 14 जुलाई 2023 को आयोजित बैठक में इन पदों के सृजन और नियुक्ति की आवश्यकता पर विचार किया गया था। इसके बाद गठित समिति ने 17 नवंबर 2023 की बैठक में नियुक्ति की अनुशंसा की, जिसे 22 दिसंबर 2023 को निदेशक परिषद ने स्वीकृति प्रदान की। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इसे एक स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया।

प्रारंभिक स्तर पर राज्य एजेंसी के माध्यम से नियुक्ति कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया के लिए आईबीपीएस, मुंबई की सेवाएं ली गईं। इसके लिए दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
नियुक्ति प्रक्रिया से पहले बिहार सरकार के प्रावधानों के अनुरूप रोस्टर क्लीयरेंस प्राप्त किया गया। इस प्रक्रिया में सहकारिता विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग से आवश्यक अनुमोदन भी लिया गया।
इसके बाद आईबीपीएस, मुंबई द्वारा पटना में प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, दंडाधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा पुलिस बल की तैनाती की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
आईबीपीएस द्वारा जारी परिणाम के आधार पर सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। गठित समिति ने आरक्षण नियमों और मेधा के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की।
सभी निर्धारित प्रक्रियाओं और नियमों का अनुपालन करने के बाद 10 जून 2026 को आयोजित समारोह में 17 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने कहा कि नई नियुक्तियों से निगम के विभिन्न भंडारगृहों में कार्य क्षमता बढ़ेगी तथा खाद्यान्न भंडारण एवं रखरखाव व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त कर्मियों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पर खुशी व्यक्त करते हुए राज्य की भंडारण व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
