NEWS PR डेस्क : मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित गुलाब खां गांव में आपसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। देर रात हुए विवाद में 21 वर्षीय युवक शाह फहद खां की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतक की पहचान गांव निवासी पप्पू खां के पुत्र शाह फहद खां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फहद और आरोपी फरहान के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले दोनों अपने कुछ साथियों के साथ पार्टी में शामिल हुए थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था।

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे दोनों युवक फिर घर से बाहर निकले। इसी दौरान उनके बीच विवाद दोबारा शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपी फरहान ने चाकू से फहद पर कई वार कर दिए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और फरहान के साथी इकराम को पकड़ लिया। इस दौरान दोनों की पिटाई भी की गई, लेकिन मुख्य आरोपी फरहान मौके से फरार होने में सफल रहा।
गंभीर रूप से घायल फहद को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी परिवार के साथ उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पकड़ीदयाल एसडीपीओ कुमार चंदन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
