NEWS PR डेस्क: गया जिले के अत्री विधानसभा क्षेत्र के खिजरसराय स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक एवं प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार को मिलने वाली एक बड़ी विकास सौगात की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
84 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक भवन का निर्माण
मांझी ने बताया कि खिजरसराय के पचलाख में 172 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर का भूमि पूजन किया जाएगा। इस परियोजना के तहत 84 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक भवन का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र बिहार का दूसरा टेक्नोलॉजी सेंटर होगा, जो राज्य के तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि पटना के बिहटा स्थित एक्सटेंशन सेंटर को पहले ही विकसित कर टेक्नोलॉजी सेंटर का रूप दिया गया है। अब पचलाख में 20 एकड़ भूमि पर इस नई परियोजना को स्थापित किया जाएगा। बाउंड्री वॉल का कार्य पूरा हो चुका है और भूमि पूजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस अवसर पर अत्री विधायक रोमित कुमार ने कहा कि यह टेक्नोलॉजी सेंटर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा का बड़ा माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि यहां हर साल लगभग 10 हजार छात्रों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
विधायक ने क्षेत्र की अन्य विकास आवश्यकताओं को भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से बिथो डैम निर्माण और अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम की स्थापना की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि बालू खनन के कारण जलस्तर लगातार गिर रहा है, जिससे सिंचाई और जल संरक्षण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। कार्यक्रम में डबल इंजन सरकार के विकास एजेंडे पर भी जोर दिया गया और इसे बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी ..
वहीं बिहार की वित्तीय स्थिति को लेकर तेजस्वी यादव के ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।मांझी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकार में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऋण लेना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और राज्य में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
