NEWS PR डेस्क: पटना, 18 जून। बिहार के प्रथम उपमुख्यमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी बिहार विभूति स्वर्गीय डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती के अवसर पर गुरुवार को राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार विधानसभा परिसर स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और राज्य के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन किया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री सुनील कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लक्ष्मी कुमार रौशन, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

इसके अलावा विधान परिषद एवं विधानसभा के सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भी डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बिहार विभूति के आदर्शों और उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद किया गया।
डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह को आधुनिक बिहार के निर्माताओं में प्रमुख स्थान प्राप्त है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राज्य के प्रशासनिक और आर्थिक विकास तक उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
