भागलपुर में जर्जर पुल के खिलाफ ग्रामीणों का हल्ला बोलपुल टूटा तो 15 KM बढ़ जाएगा सफर, नए निर्माण की मांग तेज !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में जर्जर कालीप्रसाद पुल को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को दर्जनों ग्रामीण पुल पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए जल्द नए पुल के निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर कब तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस जर्जर पुल से आवागमन करते रहेंगे। पुल की बदहाल स्थिति के कारण हर दिन किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

कई वर्षों से जर्जर है पुल, बाढ़ में भी धंस गया था हिस्सा

बताया जा रहा है कि कालीप्रसाद पुल पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है। पुल के अलग-अलग हिस्से लगातार टूटकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बाढ़ के दौरान भी पुल का एक हिस्सा धंस गया था। इसके बावजूद अब तक न तो पुल की समुचित मरम्मत कराई गई है और न ही नए पुल के निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों को मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।

पुल टूटा तो 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी

कालीप्रसाद पुल आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। यह पुल ग्रामीणों को मुख्य सड़क से जोड़ता है। ऐसे में अगर पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाता है या आवागमन बंद करना पड़ता है, तो लोगों को दूसरे रास्ते से करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी।

इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ेगा। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो सकती है।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, पुल के साथ सड़क मरम्मत की भी मांग

पुल की बदहाली से नाराज ग्रामीण सुमित कुमार, वार्ड सदस्य मोहम्मद काबिल समेत दर्जनों लोगों ने पुल पर प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की ग्रामीणों ने मांग की कि कालीप्रसाद पुल का जल्द नए सिरे से निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके ,

ग्रामीणों ने केवल पुल ही नहीं, बल्कि आसपास की जर्जर सड़क की भी मरम्मत कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि पुल और सड़क दोनों की स्थिति खराब होने से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी है। देखना होगा कि लोगों की इस मांग पर कब तक कार्रवाई होती है और उन्हें जर्जर पुल से निजात मिल पाती है।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;

Share This Article