बिहार में चीनी उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार?अमित शाह के दौरे पर टिकी निगाहें

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में सियासी और प्रशासनिक हलचल के बीच अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के बाद अब अमित शाह भी प्रदेश पहुंचने वाले हैं। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने जानकारी दी है कि अमित शाह 11 दिसंबर को बिहार आएंगे। इस दौरान वे चीनी मिल से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि, अभी कार्यक्रम स्थल और संबंधित चीनी मिल का नाम सामने नहीं आया है।

मंत्री संजय पासवान के इस बयान के बाद बिहार के गन्ना किसानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान राज्य के चीनी उद्योग और गन्ना किसानों से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हो सकती है।

किसानों के बीच पहुंचेगा गन्ना विकास रथ
इधर, बिहार सरकार ने गन्ना किसानों को जागरूक करने के लिए गन्ना विकास रथ की शुरुआत की है। यह रथ राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा। इसके माध्यम से नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बिहार में चल रही हैं 10 चीनी मिलें
मंत्री संजय पासवान ने बताया कि फिलहाल बिहार में 10 चीनी मिलें संचालित हैं। इसके अलावा सरकार अन्य क्षेत्रों में भी नई चीनी मिलें शुरू करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राज्य में एक नई चीनी मिल भी शुरू की जाएगी।

अमित शाह के दौरे से किसानों को क्या मिलेगा?
राज्य सरकार का फोकस गन्ने की खेती को बढ़ावा देने, किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और चीनी उद्योग को मजबूत करने पर है। ऐसे में 11 दिसंबर को अमित शाह का प्रस्तावित दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अमित शाह अपने बिहार दौरे के दौरान नई चीनी मिल या गन्ना किसानों के लिए किसी बड़ी योजना का ऐलान करेंगे? फिलहाल इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

Share This Article