NEWS PR डेस्क: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर के तातारपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं मुहर्रम कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रशासन द्वारा की गई, जिसमें मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में शामिल मुहर्रम कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मुहर्रम से जुड़े सभी आयोजन प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव
इस अवसर पर बी/114 बटालियन द्रुत कार्य बल (RAF) के अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव और दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार रहेंगे। बैठक में मौजूद गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की शांति समिति की बैठकें सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव, भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ मनाने का संकल्प लिया। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
