NEWS PR डेस्क: पटना, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भी योग शिविरों में शामिल हुए और विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
राजधानी के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाग लिया और योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, मंत्री निशांत कुमार, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय तथा पटना की महापौर सीता साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन और आत्मा को संतुलित करने की एक प्रभावी जीवन पद्धति भी है। योग व्यक्ति को सकारात्मक सोच, मानसिक शांति और बेहतर जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी योग दिवस के अवसर पर अपना संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आज दुनिया के करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं और इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि समाज का हर वर्ग स्वस्थ और निरोग जीवन जी सके। मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘करें योग, रहें निरोग’ के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया।
