मुहर्रम को लेकर बगहा पुलिस अलर्ट, एसपी ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

शांति समिति की बैठक, फ्लैग मार्च और विशेष निगरानी की तैयारी; अफवाहों से बचने की अपील

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बगहा: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बगहा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए।


एसपी ने बताया कि पर्व को लेकर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। वहीं पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च निकालकर आम लोगों से संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के संपर्क में है। मुहर्रम जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

एसपी राजेश कुमार ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से मुहर्रम का पर्व जिले में पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न होगा। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बगहा से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article